कोचिंग सिटी कोटा के बड़गांव स्थित गुरुद्वारा अगमगढ़ साहिब में सामूहिक श्रमदान और कारसेवा का अद्भुत उदाहरण सामने आया है। 45 डिग्री से अधिक की भीषण गर्मी के बीच गुरुद्वारे में कई राज्यों से आए 5 हजार से अधिक कारसेवकों ने चंद घंटों में निर्माणाधीन गुरुद्वारे की दूसरी मंजिल की विशाल आरसीसी छत बिछा दी। यहां संत बाबा लख्खा सिंह ने श्रमदान कर शुरुआत की। इसके बाद 5000 से अधिक पुरुष और महिलाएं इस सेवा में जुट गए।
गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी भगवान सिंह ने बताया कि अगमगढ़ साहिब के दरबार की दूसरी मंजिल के लिए रविवार को छत बिछाई गई। भीषण गर्मी में देशभर से आए हजारों सेवादारों ने यहां श्रमदान किया। श्रमदान में बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल रहे। श्रमदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ। शाम 4 बजे तक चला। 10 हजार वर्ग फीट की छत को भरने में 7 से 8 घंटे लगे। आरसीसी की छत जो 7 दिन में पूरी होनी थी, वह कुछ घंटों में ही भर गई।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और यूके से भी सेवादार आए
कोटा सेंट्रल गुरु सिंह सभा के प्रधान तरुमीत सिंह बेदी ने बताया कि गुरुद्वारे की विशाल छत को भरने के लिए किसी मजदूर की जरूरत नहीं पड़ी। यहां सारा काम सेवादारों ने ही किया। संत बाबा लक्खा सिंह ने श्रमदान करके शुरुआत की। इसके बाद करीब 5000 पुरुष और महिला सेवादार इस काम में जुट गए। देखते ही देखते कई दिनों का काम कुछ घंटों में पूरा हो गया। राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और यूके से भी लोग इस सेवा के लिए यहां आए और यहां श्रमदान कर रिकॉर्ड बनाया।
कई सेवादारों की बारी नहीं आई
कई सेवादार ऐसे भी रहे, जिनकी बारी श्रमदान करने की नहीं आई। इस वजह से इन सेवादारों की काम करने की इच्छा अधूरी रह गई। वे अपनी बारी का इंतजार करते रहे। यहां सेवा करने वालों ने बिना किसी जल्दबाजी के शांति से यह काम किया। सामूहिक श्रमदान का यह अनूठा उदाहरण है। गुरुद्वारे में किया गया यह अनूठा काम अब सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। हर कोई इस काम की तारीफ कर रहा है।
You may also like
IPL 2025: LSG बनाम SRH मैच में अभिषेक शर्मा की पारी रही Play of the day
IPL 2025 : CSK के लिए अगले सीजन भी मैदान में उतरेंगे धोनी ... कोच से आया ये जवाब...
उपराष्ट्रपति बोले- प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मैं भी भुक्तभोगी
उत्तराखंड मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष शमून क़ासमी ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात
एसटीएफ लखनऊ के हत्थे चढ़े सॉल्वर गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार