गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं। बच्चों को घुमाने के लिए यह सबसे अच्छा मौका है। वैसे तो गर्मी के मौसम में लोग हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड जैसी जगहों पर सुहाने मौसम का लुत्फ उठाने जाते हैं। ये जगहें पहाड़ों से घिरी हुई हैं और प्रकृति के करीब हैं। यहां आपको गर्मी और उमस से राहत और सुकून के दो पल मिलते हैं।
जब हरियाली की बात आती है तो दक्षिण भारत भी कुछ कम नहीं है। हालांकि, यहां लोग गर्मी के मौसम में जाने से बचते हैं। क्योंकि दक्षिण भारत का तापमान गर्मियों में बहुत बढ़ जाता है। इसलिए यहां गर्मियों में आना अच्छा नहीं होता। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दक्षिण भारत में ऐसी कई जगहें हैं जहां गर्मियों में सुहाने मौसम का लुत्फ उठाया जा सकता है। आइए इस लेख में आपको बताते हैं दक्षिण भारत की 5 सबसे अच्छी गर्मियों के अनुकूल जगहें।
मुन्नार दक्षिण भारत का सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशन है। यह हरियाली से भरपूर है और खूबसूरती में कश्मीर से भी आगे है। यहां के चाय के बागान इसकी असली पहचान हैं। गर्मियों में यहां का मौसम ठंडा और ताजा रहता है। चाय के बागानों में घूमने के दौरान एराविकुलम नेशनल पार्क, मट्टुपेट्टी डैम और अट्टुकल फॉल्स जरूर देखें।
ऊटी को हिल स्टेशनों की रानी भी कहा जाता है। यह हिल स्टेशन भी बेहद खूबसूरत और शांत है। यहां आपको खूब हरियाली, रेत और बेहद बढ़िया लकड़ी के स्टे मिलेंगे। यहां का तापमान गर्मियों में भी ठंडा रहता है। यहां घूमने की जगहों में बॉटनिकल गार्डन, ऊटी झील, डोड्डाबेट्टा पीक शामिल हैं।
दक्षिण भारत का कूर्ग भी कुछ कम नहीं है। यहां की हरियाली, पहाड़ इसे स्वर्ग जैसा बना देते हैं। कूर्ग को भारत का स्कॉटलैंड भी कहा जाता है। यहां आप कॉफी के बागानों को देख सकते हैं। झरनों का भी मजा ले सकते हैं। गर्मियों में घूमने और आराम करने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। अगर आप यहां आते हैं, तो आपको एबी फॉल्स, डुबारे एलीफेंट कैंप और राजा सीट जरूर जाना चाहिए।
पोनमुडी साउथ में एक कम भीड़भाड़ वाला हिल स्टेशन। जहां आप ताजी हवा और भरपूर हरियाली का मजा ले सकते हैं। यह जगह ट्रैकिंग, वाइल्डलाइफ और शांति पसंद लोगों के लिए एकदम सही है। यहां की गोल्डन वैली और मिनी वाटरफॉल देखने लायक हैं।
कुन्नूर एक बेहद शांत और कम भीड़भाड़ वाला हिल स्टेशन है। अगर आप सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो कुन्नूर आपके लिए सबसे बेहतर रहेगा। यहां चाय के बागान, लंबी ड्राइव और प्राकृतिक खूबसूरती का मजा लिया जा सकता है। केसिम्स पार्क, डॉल्फिन्स नोज, लैम्ब्स रॉक यहां घूमने लायक हैं।