– मप्र के मुख्यमंत्री ने मैड्रिड में इन्वेस्ट इन एमपी बिजनेस फोरम मीट को किया संबोधित, कहा- एक बार अवश्य आइए, मप्र को भूल नहीं पाएंगे
भोपाल, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और स्पेन दो प्राचीन सभ्यताओं के संवाहक हैं। दोनों देशों ने नैतिक मूल्यों के आधार पर अपनी पुरा संस्कृति को आगे बढ़ाया है। दोनों देश जुड़वा भाइयों की तरह हैं। अब विकास के मामले में भी हम मिलकर आगे बढ़ेंगे और साझेदारी करेंगे। संस्कृति के साथ-साथ तकनीक में भी स्पेन की एक अलग ही पहचान है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बुधवार को स्पेन की राजधानी मैड्रिड में इन्वेस्ट इन एमपी बिजनेस फोरम मीट को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का सबसे तेजी से विकासशील प्रदेश है। यहां निवेश करना नि:संदेह फायदे का सौदा है। उन्होंने निवेशकों को मध्य प्रदेश की बेजोड़ खूबियां बताते हुए कहा कि यदि आप भारत में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो एक बार मध्य प्रदेश अवश्य आइये, मध्य प्रदेश को भूल नहीं पाएंगे। मध्य प्रदेश में खनिज, पर्यटन, बड़े उद्योग, फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री, तकनीकी विकास से जुड़े उद्योग स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। भारत में एमपी टूरिज्म सबसे तेजी बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भरपूर भू-संपदा उपलब्ध है, जिसमें नई तकनीक का इस्तेमाल करने से विकास की अपार संभावनाएं हैं। मध्य प्रदेश भारत के मध्य क्षेत्र में स्थित है, इसलिए हम लॉजिस्टिक सेक्टर में अग्रणी बनने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। अगर आप भारत के किसी और राज्य में भी उद्योग स्थापित करते हैं, तब भी आपको मध्य प्रदेश की आवश्यकता जरूर पड़ेगी। मध्य प्रदेश आंतरिक सड़कों, नेशनल हाईवेज, रेल और हवाई मार्ग से देश-विदेश से जुड़ा है। मध्य प्रदेश सभी सेक्टर्स में तेजी से आगे बढ़ने वाला भारत का राज्य बना है। प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी, एग्री बेस्ड इंडस्ट्री और टेक्सटाईल सेक्टर में बड़ी संभावनाएं हैं। हम सभी सेक्टर्स में यहां आने वाले निवेशकों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं देने की क्षमता रखते हैं।
निवेशकों से आग्रह किया कि सुरक्षित निवेश के लिए आप बेहिचक मध्य प्रदेश से जुड़िए। हमारी 18 प्रकार की हाईटेक औद्योगिक नीतियों का लाभ लें। मध्यप्रदेश निवेशकों को केपिटल रिटर्न देने में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में निवेश करने पर भारत सरकार की ओर से भी देशी-विदेशी निवेशकों को कई तरह की रियायतें दी जा रही हैं। मध्य प्रदेश में मेडिकल कॉलेजेस की संख्या भी तेजी से बढ़ाई जा रही है और नई मेडिकल डिवाईसेस के लिए देशी और विदेशी कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं। अब मध्यप्रदेश में मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. माेहन यादव ने कहा कि स्पेन की शांतिप्रियता, सामुदायिक विकास, तकनीक के इस्तेमाल और फुटबॉल प्रेम ने भी यहां की अर्थव्यवस्था को बेहद मजबूत किया है। स्पेन आर्थिक व्यापार के मामले में भारत का छठा सबसे बड़ा साझेदार है। वर्तमान में स्पेन के साथ 9.32 बिलियन डॉलर का व्यापार हो रहा है। स्पेन के निवेशकों द्वारा मध्यप्रदेश में निवेश के लिए बढ़ाया गया हर एक कदम व्यापार-व्यवसाय के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव एवं टूरिज्म बोर्ड के एमडी डॉ. इलैया राजा टी., एमपीआईडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला सहित फ्रेंड्स इन एमपी इन स्पेन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में उद्योगपति/निवेशक उपस्थित थे।
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि मध्य प्रदेश इतिहास और विरासत की भूमि है। भारत में स्थित यूनेस्को की 62 विश्व धरोहर है जिसमें से 18 मध्य प्रदेश में है। संस्कृति और आध्यात्म की दृष्टि से मध्य प्रदेश अत्यंत समृद्ध है। प्रदेश में 2 ज्योतिर्लिंग के साथ विश्व की प्राचीनतम नदियों में से एक और प्रदेश में पूजनीय नदी मां नर्मदा बहती है। तनाव भरे जीवन में मां नर्मदा के किनारे स्थित सभी स्थल आपको अध्यात्म और सकारात्मक ऊर्जा से भर देते हैं। पर्यटन क्षेत्र में निवेशकों के लिए प्रदेश में अपार संभावनाएं है। प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म आदि विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के अवसर है।
स्पेन में भारत के राजदूत दिनेश कुमार पटनायक ने कहा कि भारत की संघीय संरचना में राज्य सरकारें स्वतंत्र रूप से अपनी आर्थिक नीतियां तय करती हैं और वैश्विक निवेश को आकर्षित करने में निर्णायक भूमिका निभाती हैं। मध्य प्रदेश केवल सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उद्योग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी तीव्र विकास कर रहा है। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि राज्य का शीर्ष नेतृत्व स्वयं निवेशकों से संवाद कर रहा है, जो निवेश की सुरक्षा और प्रतिबद्ध सहयोग का संकेत है।
कार्यक्रम में स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन (एफसीईआई) के अध्यक्ष जुआन इग्नासियो एन्त्रेकानालेस ने मध्य प्रदेश को निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि यह फोरम भारत और स्पेन के बीच आर्थिक सहयोग को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है और इसमें भाग लेकर वे स्वयं को सम्मानित अनुभव कर रहे हैं। जुआन ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में अक्षय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल, वस्त्र उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, आधारभूत संरचना और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं है।
कार्यक्रम में औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह, जनसम्पर्क सचिव डॉ. सुदाम खाड़े और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने मप्र की नीतियों की विस्तार से जानकारी दी। ———————
(Udaipur Kiran) तोमर
You may also like
नेतन्याहू को बड़ा झटका: एक और सहयोगी पार्टी गठबंधन से अलग, इजराइल में राजनीतिक अस्थिरता गहराई
जम्मू-कश्मीर शांति की ओर, जल्द पकड़े जाएंगे पहलगाम हमले के आतंकवादी : मनोज सिन्हा
XO, Kitty का तीसरा सीजन: नई कहानियों और पात्रों का इंतजार
BAN vs SL: बांग्लादेश ने तंजीद हसन की नाबाद 73 रनों की पारी और महेदी हसन की फिरकी से श्रीलंका को उसके घर में 8 विकेट से हराकर सीरीज़ की 2-1 से अपने नाम
NCERT की इस नई किताब में बताया कैसे थे अकबर और बाबर